Maharajganj Times

Maharajganj News : बाइक की भीषण टक्कर में दो लोगों की मौत, जबकि तीन की हालत नाजुक

Maharajganj
Saturday, 03 May, 2025
0
2776

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो : शनिवार को निचलौल-चिउटहा मार्ग पर पचमा गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर ने हड़कंप मचा दिया। इस दिल दहला देने वाले हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, और वे मेडिकल कॉलेज में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, सिंदुरिया थाना क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी मोहर्रम अली (50) अपनी बाइक पर पड़ोसी सलामत (55) और उनकी पत्नी मनवा (52) के साथ निचलौल की ओर जा रहे थे। दोपहर के समय, जब वे पचमा गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर बरियारपुर, थाना कोठीभार के सिंटू (32) और शनि (30) सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार पांचों लोग सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मनवा और मोहर्रम अली को मृत घोषित कर दिया। सलामत, सिंटू और शनि की हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हादसे की खबर सुनकर मृतकों और घायलों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि हादसे में मनवा और मोहर्रम अली की मौत हुई है। घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

<